वि ज्ञान को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाने के लिए अब युवा वैज्ञानिकों का सहारा लिया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इस संबंध में एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता की घोषणा की है। ‘ शोध की अभिव्यक्ति के लिए लेखन कौशल को प्रोत्साहन ’ ( अवसर) नामक इस परियोजना के अंतर्गत विज्ञान संचार को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान के विभिन्न विषयों में पीएचडी या फिर उसके बाद शोध कर रहे शोधार्थियों से उनके अध्ययन से संबंधित विषय पर आलेख आमंत्रित किए गए हैं। इनमें से चयनित किए गए सर्वश्रेष्ठ आलेखों को पुरस्कृत किया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के किसी विषय में पीएचडी कर रहे या फिर पीएचडी के बाद शोध से जुड़े हुए युवा वैज्ञानिक अपने शोध से संबंधित लोकप्रिय विज्ञान आलेख इस प्रतियोगिता के लिए भेज सकते हैं। वैज्ञानिक तथ्यों की सरल , सहज एवं बोधगम्य अभिव्यक्ति के मापदंडों पर प्रभावी पाए जाने वाले सर्वश्रेष्ठ आलेखों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत फिलहाल हिंदी और अंग्रेजी में आलेख भेजे जा सकते हैं , जिनकी शब्द सीमा 1000 से 1500 शब्दों के बीच होनी चाहिए। " राष्ट्रीय विज्ञान प्रौद्य...